छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर में विकास को लेकर भ्रम फैलाने वालों से सावधान! CM Vishnu Dev Sai बोले- जनता जैसा चाहेगी, वैसा ही होगा विकास

रायपुर, 6 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर के विकास की दिशा वहां की जनता की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप ही तय होगी। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता को किसी भी प्रकार के भ्रम में रहने की आवश्यकता नहीं है। सरकार क्षेत्र में कृषि, पर्यटन और पशुपालन सहित स्थानीय संभावनाओं के अनुरूप आजीविका और विकास के अवसरों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में बस्तर के विकास, नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

बस्तर के भविष्य का फैसला जनता की इच्छा से

बस्तर से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद के कारण बस्तर विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई निर्णायक मुकाम पर पहुंची है और क्षेत्र में शांति एवं विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं कि नक्सलवाद को समाप्त करने के पीछे सरकार का उद्देश्य बड़े उद्योगों के लिए रास्ता तैयार करना है। मुख्यमंत्री ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि बस्तर का भविष्य वहां की जनता की इच्छा और हितों के अनुरूप ही तय होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग नक्सलवाद के विरुद्ध लड़ाई में कभी साथ नहीं खड़े हुए अथवा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से उसका समर्थन करते रहे, वे अब नए नैरेटिव के जरिए लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता जागरूक है और ऐसे भ्रामक प्रयासों को अच्छी तरह समझती है।

कृषि, पर्यटन और रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार बस्तर की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। कृषि को मजबूत करने, पशुपालन को बढ़ावा देने और पर्यटन की संभावनाओं को अवसरों में बदलने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शांति स्थापित होने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंच रहा है। स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि बस्तर अपनी विशिष्ट पहचान और समृद्ध संस्कृति को सुरक्षित रखते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।

‘भैया’ कहकर पुकारना सबसे बड़ा सौभाग्य

प्रदेश की बहनों द्वारा उन्हें ‘विष्णु भैया’ कहकर पुकारे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनें उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानती हैं। उन्होंने कहा कि बहनों से मिलने वाला स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है और यही उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक भाई के नाते प्रदेश की बहनों की सेवा, सुरक्षा और उनके जीवन में खुशहाली लाना उनका संकल्प है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश की हर बहन को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें और वह आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार और छत्तीसगढ़ की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। सरकार की प्रत्येक नीति और निर्णय के केंद्र में छत्तीसगढ़ की जनता का हित है।

उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास से लेकर माताओं-बहनों के सशक्तीकरण तक सरकार का संकल्प स्पष्ट है—विकास ऐसा हो, जिसमें जनता की भागीदारी हो, स्थानीय आकांक्षाओं का सम्मान हो और उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar