
जगदलपुर,3 सितंबर 2026
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में विकास कार्यों को गति देते हुए सांसद महेश कश्यप ने करीब 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क, पुल एवं पुलिया सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
सांसद महेश कश्यप ने धोबीगुड़ा, नलपावंड, बकावंड, सतलावंड, फरसीगांव, ढोढरेपाल और छोटे देवड़ा पहुंचकर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन करने के साथ साइकिल वितरण कार्यक्रम में भी भाग लिया। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और लोगों को सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के गांवों का विकास केवल योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में प्रत्यक्ष बदलाव लाना लक्ष्य है। सड़क, पुल और पुलिया गांवों की प्रगति की पहली सीढ़ी हैं। करीब 75 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी आवश्यक सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर के दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। हमारा संकल्प है कि बस्तर का प्रत्येक गांव विकास की मजबूत सड़क से जुड़े और हर ग्रामीण को विकास का लाभ मिले।
भाजपा बस्तर जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि भाजपा संगठन की प्राथमिकता हमेशा गांव, गरीब और आमजन के हित में कार्य करना रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल एवं पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए संगठन लगातार सक्रिय है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, सदस्य वनवासी मौर्य, जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







