छत्तीसगढ़

पीएम आवास पर सियासत तेज: भूपेश बघेल ने विजय शर्मा की चुनौती स्वीकार की, बोले- समय और स्थान तय कर लें

रायपुर,24 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासत तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की बहस की चुनौती को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया है। बघेल ने कहा कि बहस के लिए समय और स्थान तय कर लिया जाए, वह चर्चा के लिए तैयार हैं।

विजय शर्मा ने दी थी बहस की चुनौती

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़े सामने रखते हुए कहा था कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर निर्माण का निर्णय लिया गया था।

उन्होंने दावा किया था कि सरकार बनने के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मकान पूरे किए जा चुके हैं। विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आंकड़ों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि यदि वे पीएम आवास के मुद्दे पर किसी भी मंच पर चर्चा करना चाहते हैं तो सरकार तैयार है।

भूपेश बघेल बोले- मुझे चुनौती मंजूर है

विजय शर्मा की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “मुझे विजय शर्मा की चुनौती मंजूर है। समय और स्थान तय कर लें, मैं बहस करने के लिए तैयार हूं।”

बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर उप मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि लिखित रूप में अलग-अलग आंकड़े पेश किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में 18 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत होने की बात कही गई है, जबकि संसद में अलग आंकड़े बताए जाते हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि दोनों आंकड़ों में सही कौन सा है।

बघेल ने पुराने आवासों को लेकर भी किए दावे

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 11 लाख से अधिक आवास पहले ही बनाए जा चुके थे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल और उनके कार्यकाल में बने आवास शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान करीब 7 लाख आवास स्वीकृत कराए गए थे, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे।

45 हजार आवासों को लेकर भी उठाए सवाल

भूपेश बघेल ने कहा कि 45 हजार आवास ऐसे थे, जो सर्वे में शामिल नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने इन 45 हजार मुख्यमंत्री आवासों को स्वीकृति दी थी और इस तरह कुल संख्या 18 लाख 50 हजार तक पहुंची।

पूर्व मुख्यमंत्री ने विजय शर्मा से सीधा सवाल करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार यह स्पष्ट करे कि उसने कितने आवास स्वीकृत किए और उनमें से कितने आवास पूरे किए हैं। बघेल ने दावा किया कि 18 लाख 45 हजार आवास उनके कार्यकाल में ही स्वीकृत हो चुके थे।

प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर अब दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने बहस की चुनौती स्वीकार होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह मुद्दा और गरमा गया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar