राजधानी में टला बड़ा रेल हादसा, रेलवे ट्रैक पर रखा 7 फीट लंबा लोहे का पाइप; अज्ञात आरोपियों पर केस

रायपुर,19 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर में रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति ने लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने की कोशिश की। गनीमत रही कि इस घटना के कारण कोई बड़ा रेल हादसा नहीं हुआ।
ट्रैक पर रखा था 7 फीट लंबा पाइप
जानकारी के अनुसार, घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे रेलवे ट्रैक के किलोमीटर नंबर 827/24 बी पर हुई। अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर करीब 1.5 इंच मोटा और 7 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था।
इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजर रही थी। ट्रैक पर पाइप रखे होने की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित किया।
रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
घटना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174(सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर इस तरह की वस्तु रखना गंभीर अपराध है। इससे ट्रेन के पटरी से उतरने जैसी घटना हो सकती है और यात्रियों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
गुढ़ियारी पुलिस से मांगा सहयोग
आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी थाना रायपुर ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। घटना स्थल के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रेलवे ट्रैक पर पाइप किसने रखा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




