छत्तीसगढ़

IAS अफसरों की बड़ी तबादला सूची जारी: छत्तीसगढ़ में 23 अधिकारियों की नई पोस्टिंग, सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की जिम्मेदारी

रायपुर/नवा रायपुर, 18 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 23 IAS अफसरों के तबादले

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 23 IAS अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, वहीं मंत्रालय और विभिन्न विभागों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की कमान

प्रशासनिक फेरबदल में सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

वहीं आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है। भुवनेश यादव को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इन जिलों के बदले कलेक्टर

जिला स्तर पर भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। आदेश के अनुसार—

  • रणबीर शर्मा को गरियाबंद का नया कलेक्टर बनाया गया है।
  • कुंदन कुमार को कांकेर कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है।
  • अमृत विकास तोपनो को मुंगेली कलेक्टर बनाया गया है।
  • जयश्री जैन को सक्ती कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
  • तुलिका प्रजापति को कबीरधाम कलेक्टर बनाया गया है।
  • तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का कलेक्टर बनाया गया है।

वहीं कांकेर के कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाया गया है।

मंत्रालय और विभागों में भी बदलाव

रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पद पर पदस्थ करते हुए मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया है। वहीं गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रोमा श्रीवास्तव को जिला पंचायत सरगुजा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग की जिम्मेदारी के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

नगर निगम और पर्यटन में भी नई जिम्मेदारियां

लीना कोसम को आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग बनाया गया है। वहीं सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर बिलासपुर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा भोसकर विलास संदिपान को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

आदेश के मुताबिक विवेक आचार्य, भारतीय वन सेवा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।

प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की बड़ी कवायद

राज्य सरकार द्वारा किया गया यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों और जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को नए सिरे से व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कलेक्टरों के बदलाव के साथ मंत्रालय और प्रमुख विभागों में भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar