कांकेर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मंत्री टंक राम वर्मा ने फहराया तिरंगा

रायपुर, 15 अगस्त 2026
कांकेर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने सुबह 9 बजे राष्ट्रध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
समारोह में पुलिस जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया और 12 प्लाटूनों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। मंत्री श्री वर्मा ने जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और एसपी श्री निखिल राखेचा मौजूद रहे।
107 शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
समारोह में विभिन्न मोर्चों पर प्राण न्योछावर करने वाले जिले के 107 शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट सेवा देने वाले 104 शासकीय सेवकों, समाजसेवियों, नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
1,000 विद्यार्थियों ने किया सामूहिक पीटी प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 22 स्कूलों के करीब 1,000 विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय कन्या आश्रम सिंगारभाट के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं मार्चपास्ट के गैर-शालेय वर्ग में शासकीय भानुप्रतापदेव महाविद्यालय की NCC टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
समारोह में विधायक श्री आशाराम नेताम, जनप्रतिनिधि, न्यायाधीशगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




