बस्तर में शिवमय हुआ माहौल, गूंजा हर-हर महादेव

बस्तर,10 अगस्त 2026
बस्तर की धरती पर सोमवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। डिमरापाल, चिउरगांव, मधोता और भानपुरी समेत कई स्थानों पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। सुबह से ही धार्मिक स्थलों पर शिव भक्तों की भीड़ जुटने लगी।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। शिवलिंग पर जल, दूध और विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित करते श्रद्धालुओं के बीच चारों ओर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयकारे गूंजते रहे।
महा रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालु पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आए। धार्मिक अनुष्ठान में ओडिशा से पहुंचे मंत्र अभिषेक पंडितों और स्वामी जी की विशेष उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक संपन्न कराया गया।
यह आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग परिवार से जुड़े लोगों द्वारा किया गया। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ लोगों को आध्यात्मिकता, सकारात्मक सोच और मानसिक शांति से जोड़ना रहा। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से भगवान शिव की आराधना की और अपने परिवार एवं समाज के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।





