
दंतेवाड़ा,28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महेंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 10 से 12 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही भांसी के सुरक्षा जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और बचेली अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।




