भोरमदेव में टेकेंगे मत्था, खिलाड़ियों और पुलिस जवानों का बढ़ाएंगे हौसला: CM साय का आज ताबड़तोड़ कार्यक्रम

रायपुर, 28 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को कबीरधाम और रायपुर में आयोजित धार्मिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा कबीरधाम रवाना होंगे, जहां वे ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड हेलीपेड के लिए रवाना होंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा कबीरधाम पहुंचकर कार से भोरमदेव मंदिर जाएंगे। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे दोपहर तक रायपुर लौट आएंगे।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री का कार्यक्रम राजधानी रायपुर में रहेगा। वे शाम 4:30 बजे होटल कोर्टयार्ड मेरियट में आयोजित SPORTS CONCLAVE 2026 में शामिल होकर खेल और खेल अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 5:40 बजे शांति नगर स्थित विमतारा पहुंचेंगे, जहां वे पत्रिका जज्बा पुलिस अवार्ड-2026 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री शाम 6:45 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
मुख्यमंत्री के दिनभर के कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, खेलों को बढ़ावा देने और पुलिस बल के उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान जैसे महत्वपूर्ण आयोजन शामिल हैं, जिन्हें प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं से भी जोड़ा जा रहा है।




