CG Assembly Monsoon Session: विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन, प्रश्नकाल से लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्तावों तक कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर, 15 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ शुरू होगा। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, वार्षिक प्रतिवेदन और विभिन्न विधायी कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।
प्रश्नकाल में विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों का जवाब उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब देंगे।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा मंत्री लखनलाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने विभागों से संबंधित दस्तावेज सदन के पटल पर रख सकते हैं।
सदन की कार्यवाही के दौरान दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा प्रस्तावित है। इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला और शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्यों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुख रहेगा।
इसके अलावा विधायक विक्रम उसेंडी गैर सरकारी सदस्यों के विधेयकों एवं संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाएं सदन के समक्ष रख सकते हैं।
आज की कार्यवाही में सात शासकीय विधायी विषयों को भी सदन में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है, जिससे विधानसभा की कार्यवाही अहम रहने के आसार हैं।




