पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय बस्तर की नई शाला प्रबंधन समिति गठित, किरण सेठिया बने अध्यक्ष

बस्तर, 14 जुलाई 2026
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बस्तर में आयोजित शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक में नई समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से किरण सेठिया को समिति का अध्यक्ष तथा जितेंद्र तिवारी को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी को शिक्षाविद के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाएं, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा अन्य सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने विद्यालय को जिले के श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में शामिल कराने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष किरण सेठिया ने कहा कि पालकों, शिक्षकों और शाला प्रबंधन समिति के सहयोग से विद्यालय को शिक्षा, अनुशासन और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए संरक्षक रामानंद मिश्रा ने कहा कि पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का उद्देश्य गरीब एवं मध्यम वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य को सफल बनाने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर कार्य करना होगा।
बैठक में संरक्षक रामानंद मिश्रा, प्राचार्य पी.आर. लाउत्रे, प्रभारी प्राचार्य कुलेश्वर यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष किरण सेठिया, उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी और शाला प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।




