
जगदलपुर, 10 जुलाई 2026
बस्तर संभाग की बेटियों के लिए राज्य शासन की निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिल वितरण शुरू हो गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में संभाग की 19,843 पात्र कक्षा 9वीं की छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा।
योजना का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित हो और बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिले।
संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम ने बताया कि जिलेवार लाभार्थियों में बस्तर 5,248, कोण्डागांव 5,004, कांकेर 4,880, दन्तेवाड़ा 1,303, बीजापुर 1,245, सुकमा 1,178 और नारायणपुर 985 छात्राएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक कांकेर में 2,135, कोण्डागांव में 922, सुकमा में 107 और बस्तर में 32 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं। शेष जिलों में भी वितरण कार्य तेजी से जारी है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।




