मुख्यमंत्री विद्यार्थी उत्कर्ष योजना: कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित, 9 जुलाई तक दावा-आपत्ति का मौका

जगदलपुर, 6 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं प्रवेश चयन परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह जिला स्तरीय परीक्षा 5 जुलाई को निर्मल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित की गई थी। परीक्षा के तुरंत बाद मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम जारी कर दिया गया।
अभ्यर्थी और अभिभावक बस्तर जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। इसके अलावा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जगदलपुर के कार्यालय के सूचना पटल पर भी परिणाम उपलब्ध कराया गया है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी या अभिभावक को परिणाम के संबंध में किसी प्रकार की आपत्ति या विसंगति प्रतीत होती है, तो वे 9 जुलाई 2026 तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
दावा-आपत्ति केवल कार्यालयीन समय में आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाणों के साथ सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जगदलपुर कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन या दावा पर विचार नहीं किया जाएगा।




