
बीजापुर, 26 जून 2026
जिला प्रशासन बीजापुर की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु’ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए सुशासन का भरोसेमंद माध्यम बनती जा रही है। इस पहल के जरिए नागरिकों को स्थानीय निवास, जाति, आय, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण-पत्र सहित अनेक शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विकासखंड भैरमगढ़ की ग्राम पंचायत तड़केल निवासी वंदना हेमला ने सेवा सेतु केन्द्र नेलेसनार के माध्यम से स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद उसी दिन उनका प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। सेवा सेतु केन्द्र के प्रबंधक मुकेश कुमार बघेल ने उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी रही, जिससे उन्हें किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
वंदना हेमला ने बताया कि पहले शासकीय प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए कई बार कार्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन सेवा सेतु केन्द्र की मदद से उन्हें एक ही दिन में प्रमाण-पत्र मिल गया, जिससे उनके आवश्यक कार्य भी समय पर पूरे हो सके।
उन्होंने कहा कि अब सरकारी सेवाएं गांव के नजदीक उपलब्ध हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति मिली है। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन बीजापुर और सेवा सेतु केन्द्र के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन का कहना है कि सेवा सेतु के माध्यम से डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर सुशासन को मजबूत किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की आसान और पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।




