सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, टेकला जंगल से हथियारों का जखीरा और तोयामेटा से 24 लाख रुपये नकद बरामद

नारायणपुर, 26 जून 2026
जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। टेकला जंगल और छोटेडोंगर के तोयामेटा क्षेत्र में चलाए गए अलग-अलग सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों का बड़ा जखीरा, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने टेकला जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान इंसास राइफल, एसएलआर, .303 राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
वहीं, छोटेडोंगर के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए एक अन्य अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नकद भी बरामद किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह राशि नक्सली गतिविधियों में उपयोग के लिए छिपाकर रखी गई थी।
सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद अब जंगलों में छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य संसाधनों को खोजकर जब्त करने का अभियान लगातार जारी है। हालिया बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




