
जगदलपुर, 20 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र प्रभारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहें।
वहीं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा बलों को सतर्क रहने और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल कर परखी गई तैयारियां
नीट परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार दोपहर परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल भी आयोजित की। इस दौरान प्रश्नपत्रों को चेस्ट रूम से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया, प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संचालन का परीक्षण किया गया।
प्रशासन के अनुसार मॉक ड्रिल का उद्देश्य परीक्षा दिवस पर संभावित चुनौतियों की पहचान कर उनका समय रहते समाधान करना है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और परीक्षा केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने परीक्षार्थियों से भी अपील की कि वे बिना किसी चिंता के परीक्षा में शामिल हों, क्योंकि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।




