
जगदलपुर, 31 मई 2026
बस्तर में धाकड़ समाज ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बस्तर धाकड़ समाज कल्याण समिति ने “धाकड़ समाज कल्याण निधि” के गठन का निर्णय लिया है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शनिवार को माता मावली मंदिर में आयोजित बैठक में समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। योजना के तहत समाज के सक्षम सदस्य हर महीने निधि में योगदान देंगे।
समिति के अनुसार, इस निधि से बेरोजगार युवाओं को बिना ब्याज आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि वे किराना दुकान, ठेला व्यवसाय, सिलाई कार्य, मोबाइल रिपेयरिंग, डेयरी फार्मिंग सहित अन्य छोटे व्यवसाय शुरू कर सकें।
कर्ज के चक्र से मुक्ति दिलाने की पहल
अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई परिवार ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनका जीवन और अधिक कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को भी आगे बढ़ने का अवसर मिले।
पारदर्शिता पर रहेगा विशेष जोर
समिति ने निधि संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने का निर्णय लिया है। एकत्रित राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाएगा और लाभार्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया एवं जांच के बाद किया जाएगा। सहायता राशि को तय समय पर लौटाने की व्यवस्था भी रहेगी, ताकि अन्य जरूरतमंद लोग भी इसका लाभ उठा सकें।
चित्रकोट राम मंदिर निर्माण में सहयोग का संकल्प
बैठक में चित्रकोट में प्रस्तावित भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण पर भी चर्चा हुई। समाज के सदस्यों ने इसे धार्मिक और सांस्कृतिक दायित्व बताते हुए मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया।
बैठक में समिति के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को सामुदायिक एकजुटता और सामाजिक सहयोग की मिसाल बताया।




