
कांकेर, 30 मई 2026
खरीफ सीजन को देखते हुए उत्तर बस्तर कांकेर जिले में किसानों के लिए खाद और बीज का पर्याप्त भंडारण किया गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद-बीज की कोई कमी नहीं है तथा किसानों को निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है।
कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा ने बताया कि खरीफ मौसम के लिए जिले में 12,021 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत अब तक समितियों में 4,558.20 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है, जबकि लगभग 3,000 क्विंटल अतिरिक्त बीज भी उपलब्ध है।
जिले में उर्वरक वितरण के लिए 64,560 मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 33,368.527 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है, जिसमें 23,061.174 मीट्रिक टन उर्वरक सहकारी समितियों तथा 10,307.35 मीट्रिक टन निजी विक्रय केंद्रों में उपलब्ध है।
कृषि विभाग के अनुसार किसानों को सहकारी समितियों और निजी विक्रय केंद्रों के माध्यम से लगातार उर्वरक वितरित किया जा रहा है। कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा के अनुसार प्रति एकड़ एक बोरी यूरिया, एक बोरी डीएपी और एक बोरी एमओपी उपलब्ध कराया जा रहा है।
विभाग ने बताया कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने के लिए विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो और किसानों को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री मिल सके।




