छत्तीसगढ़

CG Crime News : होटल में खूनी वारदात, ब्लेड से महिला की हत्या; पति और बेटे गंभीर घायल

गरियाबंद के देवभोग में सनसनीखेज हमला, आरोपी हिरासत में

गरियाबंद, 27 मई 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। देवभोग थाना क्षेत्र के दीवानमुड़ा गांव स्थित एक होटल में आरोपी ने एक ही परिवार के चार लोगों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में 45 वर्षीय छबनीता यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।

महिला का गला रेतकर की हत्या

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। आरोपी देवी सिंह होटल पहुंचा और महिला की गर्दन पकड़कर ब्लेड से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

महिला को बचाने पहुंचे पति और दोनों बेटों पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। हमले में एक बेटे की गर्दन और पति के पेट पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर महिला को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल देवभोग अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर प्रकाश साहू ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घायल पति और बेटों का इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पंचनामा और अन्य कानूनी कार्रवाई के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।

इलाके में दहशत का माहौल

इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में डर और मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी भयावह घटना नहीं देखी।

देवभोग की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar