आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की बैठक में संगठन चुनाव संपन्न

बस्तर, 22 सितंबर 2026
गंगा यादव बनीं जिला अध्यक्ष, वेतन वृद्धि और नियमितीकरण के लिए लड़ाई का ऐलान
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ बस्तर संभाग पंजीयन क्रमांक 5176 की महत्वपूर्ण बैठक जगदलपुर कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित की गई। बैठक में बस्तर जिले के सभी ब्लॉक परियोजनाओं से आई कार्यकर्ता-सहायिका बहनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक में संगठन के विस्तार, सशक्तिकरण और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी परियोजना पदाधिकारी बहनों की मौजूदगी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जिला कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न कराया गया। इसमें सर्वसम्मति से श्रीमती गंगा यादव को बस्तर जिला अध्यक्ष चुना गया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गंगा यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने में दिन-रात मेहनत करती हैं, लेकिन उन्हें अभी भी उचित मानदेय और सम्मान नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को ब्लॉक से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत करना और हर कार्यकर्ता-सहायिका की आवाज सरकार तक पहुंचाना होगा। वेतन वृद्धि, नियमितीकरण, पेंशन और अन्य लंबित मांगों के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में श्रीमती वंदना दास को जिला उपाध्यक्ष, श्रीमती भुवनेश्वरी पुजारी को जिला सचिव, श्रीमती गीता ठाकुर को जिला उप सचिव, श्रीमती रदमनी नायक को जिला महामंत्री, श्रीमती टिकेंद्री सेठिया को कोषाध्यक्ष और श्रीमती रूक्मणी सज्जन को जिला सलाहकार नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
अंत में “आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ जिंदाबाद” के नारों के साथ बैठक का समापन हुआ।




