छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा MMA केज फाइट का बड़ा आयोजन, रायपुर में दिखेगा इंटरनेशनल दमखम

रायपुर, 23 मई 2026।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार प्रोफेशनल MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) केज फाइट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस हाई-वोल्टेज प्रतियोगिता में देश-विदेश के करीब 120 फाइटर्स हिस्सा लेने पहुंचे हैं। वहीं, इस इवेंट में श्रीलंका के 6 फाइटर्स भी शामिल हो रहे हैं, जिससे मुकाबले और ज्यादा रोमांचक होने वाले हैं।
यह आयोजन रायपुर के सिविल लाइन स्थित अंबेडकर भवन में “वाइल्ड वूल्फ केज फाइट्स” के नाम से आयोजित किया जा रहा है। राज्य में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हो रहे MMA मुकाबलों को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से आए फाइटर्स विभिन्न वेट कैटेगरी में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन समिति के मुताबिक मुकाबलों को प्रोफेशनल स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच मिल सके।
इस इवेंट का शुभारंभ 23 मई की शाम 6 बजे किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 24 मई को होगा। फाइनल मुकाबलों के बाद विजेताओं का फैसला किया जाएगा।
आयोजन को लेकर राजधानी रायपुर में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।




