अन्य खबरें

19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, PM मोदी बोले- युवा ही विकसित भारत की ताकत

नई दिल्ली 23 /05/2026!देशभर के लाखों युवाओं के लिए शनिवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 19वें रोजगार मेले के दौरान 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम देश के 47 शहरों में आयोजित किया गया, जहां चयनित युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवाएं और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी गईं।

प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े और युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे केवल नौकरी शुरू नहीं कर रहे, बल्कि देश की विकास यात्रा के सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी क्षमता को नए नजरिए से देख रही है।

18 रोजगार मेलों में 12 लाख युवाओं को मिल चुका रोजगार

प्रधानमंत्री ने बताया कि इससे पहले आयोजित 18 रोजगार मेलों में करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करना आसान नहीं होता और इसके पीछे युवाओं की मेहनत के साथ-साथ परिवार का भी बड़ा योगदान होता है।

PM मोदी ने कहा कि जब कोई युवा सफलता हासिल करता है तो उसमें माता-पिता, परिवार और पूरे समाज का सहयोग शामिल होता है। देश के 140 करोड़ नागरिक भी किसी न किसी रूप में उस सफलता के भागीदार होते हैं। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए इसे “देश सेवा का अवसर” बताया।

भारत की तकनीकी प्रगति से दुनिया प्रभावित

प्रधानमंत्री ने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि कई देशों की बड़ी कंपनियों और नेताओं के साथ भारत की तकनीकी प्रगति, AI, ग्रीन टेक्नोलॉजी और डिजिटल इनोवेशन को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर और कृषि, स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन, जबकि नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री सहयोग को लेकर साझेदारी बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों में यही क्षेत्र वैश्विक विकास की दिशा तय करेंगे और भारत के युवा इसमें बड़ी भूमिका निभाएंगे।

अक्टूबर 2022 में शुरू हुआ था रोजगार मेला अभियान

प्रधानमंत्री ने 22 अक्टूबर 2022 को रोजगार मेले की शुरुआत की थी। उस समय केंद्र सरकार ने 2023 के अंत तक 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा था। फरवरी 2024 में आयोजित 12वें रोजगार मेले में सबसे अधिक 1 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। वहीं 2025 में 11 लाख नौकरियों का आंकड़ा पूरा किया गया था।

सरकार का दावा है कि रोजगार मेले के जरिए भर्ती प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और युवाओं के लिए अधिक सुलभ बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar