बिलासपुर में दर्दनाक घटना: पति की मौत के सदमे में पत्नी ने की आत्महत्या

बिलासपुर , 21/05/26 । छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में पति की मौत का सदमा सहन नहीं कर पाने पर पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट की शादी करीब चार वर्ष पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। बीते 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पति की अचानक मौत के बाद सुनीता गहरे सदमे में थी। परिजनों के मुताबिक, वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रही थी। मंगलवार देर रात उसने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मामले की सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।




