छत्तीसगढ़

रायपुर में लॉन्च हुई अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन CG Dial-112’ सेवा, अमित शाह ने दिखाई 400 इमरजेंसी वाहनों को हरी झंडी

रायपुर,18/05/26। Amit Shah ने सोमवार को रायपुर के माना पुलिस परेड ग्राउंड में छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन CG Dial-112’ सेवा और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 400 आधुनिक आपातकालीन वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में Vishnu Deo Sai, Raman Singh, उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह नई सेवा पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल इमरजेंसी जैसी सुविधाओं को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ते हुए नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी। नई डायल-112 सेवा 24×7 संचालित होगी और इसमें जीआईएस मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

शुरू किए गए 400 अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार संभव हो सकेगा। नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी मदद ले सकेंगे।

मोबाइल फॉरेंसिक वैन से मौके पर ही होगी जांच

‘Science on Wheels – Towards Faster Justice’ थीम पर आधारित 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध जांच व्यवस्था को नई मजबूती देंगी। लगभग 65 लाख रुपये लागत वाली इन वैन में फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नार्कोटिक्स टेस्ट किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, हाई क्वालिटी फोटोग्राफी सिस्टम, बैलिस्टिक जांच किट और गनशॉट रेजिड्यू (GSR) टेस्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इन मोबाइल वैन के जरिए अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संरक्षण और डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन किया जा सकेगा। इससे जांच प्रक्रिया तेज होगी और साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

साक्ष्य आधारित न्याय व्यवस्था को मिलेगा बल

राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य वैज्ञानिक जांच को मजबूत करना, अपराध अनुसंधान में फॉरेंसिक विज्ञान की भूमिका बढ़ाना और पारदर्शी व समयबद्ध जांच सुनिश्चित करना है। नई डायल-112 सेवा और मोबाइल फॉरेंसिक वैन के संचालन से प्रदेश में आपातकालीन सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी और कानून व्यवस्था के प्रति आम लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar