
📍 जगदलपुर,16/05/26। माओवादी संगठन को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। केंद्रीय समिति के सदस्य और 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी पसुनूरी नरहरि उर्फ संतोष ने अपनी पत्नी जोबा उर्फ पूनम के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक नरहरि तेलंगाना के हनमकोंडा का रहने वाला है और लंबे समय से झारखंड में माओवादी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। संगठन में उसकी पकड़ काफी मजबूत मानी जाती थी। वह बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी और पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुका है।
बताया जा रहा है कि लगातार खराब हो रहे स्वास्थ्य के चलते नरहरि ने तेलंगाना पुलिस के सामने सरेंडर करने का फैसला लिया। उसकी पत्नी जोबा उर्फ पूनम भी क्षेत्रीय समिति की सदस्य बताई जा रही है।
इधर महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी 15 इनामी नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। अधिकारियों के मुताबिक गढ़चिरौली जिले में 11 और कांकेर जिले में 4 नक्सलियों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इन सभी नक्सलियों पर कुल मिलाकर करोड़ों रुपये का इनाम घोषित था।
अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली खोखली माओवादी विचारधारा से निराश होकर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। पुनर्वास प्रक्रिया के तहत प्रत्येक कैडर को 50-50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता भी दी गई है।
आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में 2380 से अधिक नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जबकि महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 2022 से अब तक 146 कट्टर नक्सलियों ने हथियार छोड़ दिए हैं।




