CG Accident News : शराब से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने गाय को कुचला, लोगों में भारी आक्रोश

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गंडई-छुईखदान मुख्य मार्ग पर नर्मदा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही गाय को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि गाय ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई और मौके पर तड़पती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 6 बजे की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक सरकारी शराब से भरा हुआ था और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।
घटना के बाद लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि शराब से भरे भारी वाहन तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आम लोगों और मवेशियों की जान खतरे में पड़ रही है। कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर तनाव की स्थिति भी बनी रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। वहीं घायल गाय को ट्रक के नीचे से निकालने की कोशिश की गई।
थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि ट्रक चालक की ब्रेथ एनालाइज़र जांच में अल्कोहल की मात्रा 12 mg/100 ml पाई गई, जो कानूनी सीमा से नीचे है। इसलिए चालक पर ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज नहीं किया गया, लेकिन लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भारी आक्रोश बना हुआ है।




