
जगदलपुर के ग्राम पंचायत छिंदगांव-2 अंतर्गत दूरकाडोंगा पारा में पेयजल संकट को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं आदिवासी नेता हेमंत कश्यप ने किया।
ज्ञापन में बताया गया कि जगबंधु बघेल के घर के पास रहने वाले करीब 20 परिवार लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। मोहल्ले में हैंडपंप की सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई है।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने मांग की कि ग्रामीणों की मूलभूत जरूरत को देखते हुए दूरकाडोंगा पारा में जल्द नया हैंडपंप खनन कार्य स्वीकृत कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


इस दौरान हेमंत कश्यप ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों को परेशान होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के ई.ई. हरि सिंह मरकाम ने जल्द हैंडपंप खुदाई कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जयराम बघेल, लच्छी राम भारती, देवनाथ मौर्य, घासीराम बघेल, धनुर्जय बघेल, हेमलाल बघेल, श्रवण बघेल, रहमान बघेल, छोटू राम बघेल और सोहनलाल बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




