छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर में तेंदूपत्ता संग्रहण ने पकड़ी रफ्तार, 10 हजार से ज्यादा मानक बोरा की खरीदी

जगदलपुर सहित पूरे बस्तर जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण और खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। जिला लघु वनोपज यूनियन ने इस सीजन में अब तक 10 हजार से अधिक मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 के लिए जिले में कुल 21,800 मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी  का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 10,704.716 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी की जा चुकी है। संग्रहण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले में 241 फड़ और 15 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

विभाग द्वारा खरीदे गए तेंदूपत्तों के प्रसंस्करण और सुरक्षित भंडारण का कार्य भी लगातार किया जा रहा है, ताकि उनकी गुणवत्ता बनी रहे। वहीं संग्राहकों को समय पर लाभ दिलाने के उद्देश्य से पारिश्रमिक राशि का ऑनलाइन भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है।

वनमंडलाधिकारी एवं प्रबंध संचालक ने स्पष्ट किया है कि जिले में तेंदूपत्ता खरीदी प्रक्रिया अभी बंद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि संग्राहक अच्छी गुणवत्ता और मानक स्तर के तेंदूपत्ते लेकर आते हैं, तो उनकी खरीदी नियमानुसार लगातार जारी रहेगी।

प्रशासन ने सभी संग्राहकों से अपील की है कि वे वनों से केवल उच्च गुणवत्ता वाले तेंदूपत्तों का संग्रहण करें और निर्धारित फड़ों में ही विक्रय करें। विभाग का लक्ष्य पारदर्शी प्रक्रिया और बेहतर समन्वय के साथ तय लक्ष्य को समय पर पूरा करना है, ताकि वनांचल क्षेत्र के परिवारों को अधिकतम आर्थिक लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar