छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दिव्यांग बेटी राखी को दी इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर, आत्मनिर्भरता की नई राह मिली

जगदलपुर, 02 मई 2026। जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने एक बार फिर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। ग्राम पंचायत कैकाचेरबहार के आश्रित ग्राम बेंगलुर की निवासी दिव्यांग कुमारी राखी को उन्होंने अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की।

लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ राखी को इस सहायता से अब दैनिक जरूरतों और आवागमन के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सांसद ने स्वयं उनके घर पहुंचकर व्हीलचेयर की चाबी सौंपी और उसे संचालित करने की जानकारी भी दी।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाला कोई भी दिव्यांग असहाय महसूस न करे, यह उनका प्रयास है।

इससे पहले भी सांसद कश्यप द्वारा क्षेत्र के कई दिव्यांगजनों को बैटरी चालित स्कूटी, मैनुअल व्हीलचेयर सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उनका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिव्यांगों के जीवन को आसान बनाना है।

इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर मिलने के बाद राखी और उनके परिजनों ने सांसद का आभार जताया। राखी ने कहा कि अब वे बिना किसी सहारे के बाहर निकल सकेंगी और अपने कार्य आसानी से कर सकेंगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कैकाचेरबहार के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar