छत्तीसगढ़

सामूहिक विवाह में दिखी परंपरा और एकता, 13 जोड़े बंधे बंधन में; CM साय ने विकास की सौगात दी

रायपुर, 27 अप्रैल 2026/ दुर्ग जिले के ग्राम भरर (जामगांव-आर) में आयोजित तहसील स्तरीय विशाल कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और परंपरा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सहभागिता करते हुए 13 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साहू समाज भवन पाटन में शेड निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम भरर पंचायत में शौचालय एवं शेड निर्माण तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में साहू समाज को छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा और गौरवशाली समाज बताते हुए माता कर्मा के योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि माता कर्मा की भक्ति और सेवा भावना समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रही है। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय ताराचंद साहू को भी नमन किया और उनके साथ कार्य करने के अपने अनुभव साझा किए।

राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 28 महीनों में राज्य में सुशासन स्थापित करने के साथ-साथ “मोदी की गारंटी” को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा किसानों को बकाया बोनस, 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी और “महतारी वंदन योजना” के तहत महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “रामलला दर्शन योजना” के तहत दो वर्षों में लगभग 42 हजार लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बस्तर क्षेत्र में नक्सल समस्या के उन्मूलन और विकास कार्यों में तेजी को राज्य की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

ऊर्जा क्षेत्र की पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 की शुरुआत मार्च 2026 में की गई है। इस योजना के तहत बकाया बिजली बिल पर ब्याज/सरचार्ज में 100% छूट दी जा रही है। उपभोक्ता “मोर बिजली ऐप” के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी पात्रता जांच सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गांव-गांव में अटल डिजिटल केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे डिजिटल सेवाएं सुलभ हो रही हैं। साथ ही प्राथमिक कृषि साख समितियों के माध्यम से किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और सुशासन को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

इस अवसर पर विजय बघेल, सत्यनारायण राठौर, अभिजीत सिंह, नंदलाल साहू, जितेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar