
जगदलपुर, 8 अप्रैल 2026: बस्तर संभाग में अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग ने कड़ा प्रहार किया। करपावंड वन परिक्षेत्र की टीम ने ग्राम गारेंगा के बाजार चौक पर मंगलवार 7 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान आम और महुआ की अवैध लकड़ी से भरा ट्रक टाटा 1109 (CG27 G 0144) जब्त किया।
जांच में पता चला कि वाहन कोंडागांव जिले के सोनाबाल निवासी लीलाधर सेठिया का है, जबकि चालक भवानी प्रसाद सूर्यवंशी (देउरबाल, कोंडागांव) के पास वनोपज परिवहन के कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। परिसर रक्षक तुलेश बघेल ने भारतीय वन अधिनियम 1927 और छत्तीसगढ़ अभिवहन नियम 2001 के तहत लकड़ी और वाहन जब्त कर लिया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने वाहन और सामग्री के राजसात की प्रक्रिया शुरू कर उच्च अधिकारियों को सूचना दी। सूत्रों के अनुसार तस्कर फर्जी दस्तावेज बनाकर लकड़ी परिवहन कर रहे हैं।
वन विभाग ने चेताया है कि अवैध कटाई और तस्करी पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों ने पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही है।




