छत्तीसगढ़ और मौसम

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: अगले 3 दिन बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर, 8 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन दर्ज किया गया है, जबकि तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ है। आने वाले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान स्थिर रहने की संभावना है, इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो अमलीपदर में 3 सेमी, दोरनापाल, सुकमा और मुकडेगा में 2-2 सेमी तथा घरघोड़ा और कोंटा में 1-1 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 38.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम 17.8°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। इसके बाद भी अगले दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने के आसार हैं, जहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रह सकता है।

मौसम में इस बदलाव के पीछे ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका सिस्टम को मुख्य कारण बताया जा रहा है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है।

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar