छत्तीसगढ़बिलासपुर संभाग

बिलासपुर में बर्ड फ्लू अलर्ट: एम्स की टीम पहुंची, 10 किमी दायरे के गांवों में होगी जांच और सैंपलिंग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद केंद्र सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। इसी के तहत All India Institute of Medical Sciences (एम्स) के चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम सोमवार को बिलासपुर पहुंची और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण शुरू किया।

टीम ने सबसे पहले कोनी स्थित पोल्ट्री फार्म का दौरा किया, जहां बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके साथ ही आसपास बनाए गए कंटेनमेंट जोन का भी बारीकी से जायजा लिया गया, ताकि संक्रमण की स्थिति का सही आकलन किया जा सके।

मानव संक्रमण पर विशेष नजर
विशेषज्ञ टीम ने पोल्ट्री फार्म के कर्मचारियों से पूछताछ कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच की। इस बात पर खास ध्यान दिया जा रहा है कि कहीं बर्ड फ्लू का संक्रमण इंसानों तक तो नहीं पहुंचा है। जरूरत पड़ने पर संदिग्ध लोगों के सैंपल भी लिए जाएंगे।

10 किलोमीटर दायरे में सर्वे अभियान
मंगलवार को टीम प्रभावित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों—अकलतरी, खैरा, नगोई सहित अन्य इलाकों का दौरा करेगी। ग्रामीणों से बातचीत कर स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जाएगा और आवश्यकता अनुसार मेडिकल जांच व सैंपलिंग भी की जाएगी।

रोकथाम उपायों की होगी समीक्षा
केंद्रीय टीम यह भी जांच रही है कि संक्रमण के बाद प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम कितने प्रभावी रहे। इसमें संक्रमित पक्षियों को नष्ट करने की प्रक्रिया, सुरक्षित निपटान, सैनिटाइजेशन, डिसइंफेक्शन और निगरानी व्यवस्था जैसे पहलुओं की गहन समीक्षा शामिल है।

विशेषज्ञ भविष्य में ऐसे संक्रमण को रोकने के लिए पोल्ट्री फार्मों में बायो-सिक्योरिटी, नियमित स्वास्थ्य जांच और सतत निगरानी के लिए नए दिशा-निर्देश भी जारी कर सकते हैं।

स्थिति पर नजर, प्रशासन अलर्ट
फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar