
रायपुर। कोंडागांव जिले के सुदूर ग्राम केजंग में विकास की नई तस्वीर उभरती दिख रही है। वन मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्र का दौरा कर लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से 11 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़कों, भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा और जीवनस्तर में सुधार का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जो क्षेत्र पहले माओवाद से प्रभावित था, वह अब भयमुक्त होकर तेजी से विकास की मुख्यधारा में जुड़ रहा है। बस्तर संभाग में अब विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में सड़क निर्माण, मुरमीकरण, सांस्कृतिक भवन, शेड निर्माण और स्कूलों में शौचालय जैसे कार्यों की आधारशिला रखी गई। प्रमुख कार्यों में कुधूर, कोरमेल, जोडेंगा, पदनार, पुसपाल, मड़ागांव, केजंग, मडानार और बेतबेड़ा पंचायतों में सड़क और अन्य निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




