
डमरू कश्यप
बकावंड, 03 अप्रैल 2026/ बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत तोंगकोंगरा में अवैध रेत खनन का गंभीर मामला सामने आया है। मौके पर पहुंची टीम ने नदी के भीतर 5 से 7 ट्रैक्टरों को खुलेआम रेत निकालते हुए पाया, जिससे प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह अवैध गतिविधि लंबे समय से लगातार जारी है। ट्रैक्टरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत निकालकर शासन को राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मामले को लेकर जब ग्राम पंचायत के सरपंच से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मौके पर आने से इनकार कर दिया। सरपंच का यह रवैया कई सवाल खड़े करता है और उनकी भूमिका को लेकर संदेह गहरा गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध खनन को संरक्षण मिल रहा है, तभी यह काम खुलेआम जारी है। लोगों में इसको लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।
👉 प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
इतने बड़े स्तर पर अवैध खनन होने के बावजूद संबंधित विभागों की निष्क्रियता समझ से परे है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों पर कब कार्रवाई होती है।
⚠️ आगे और खुलासे संभव
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला यहीं तक सीमित नहीं है। टीम द्वारा लगातार जांच की जा रही है और आने वाले समय में इस तरह के और भी मामलों का खुलासा हो सकता है। खबर को अलग-अलग भागों (पार्ट 1, 2, 3) में प्रकाशित किया जाएगा।




