छत्तीसगढ़जगदलपुर

नगरनार के उलनार में दफन को लेकर विवाद टला, प्रशासन की समझाइश के बाद करकापाल ईसाई कब्रिस्तान में हुआ अंतिम संस्कार

जगदलपुर, 17 जुलाई 2026

नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उलनार में धर्मांतरण से जुड़े एक मामले को लेकर उत्पन्न विवाद को प्रशासन की समझाइश और दोनों पक्षों की सहमति से शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया।

जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय मृतका लखी कश्यप के पार्थिव शरीर को गांव में दफनाने की तैयारी की जा रही थी। इस पर कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जिन परिवारों का हिंदू धर्म से ईसाई समुदाय में धर्मांतरण हुआ है, उनका गांव में दफन किया जाना स्थानीय परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

मामले की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला मंत्री नवीन देवांगन, विभाग संयोजक सिकंदर कश्यप, जिला संयोजक विष्णु ठाकुर तथा सरपंच मधुसूदन नेताम की मौजूदगी में पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों से चर्चा की।

प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति, सामाजिक सौहार्द्र और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। आपसी सहमति के बाद निर्णय लिया गया कि मृतका का अंतिम संस्कार गांव में न कर ईसाई कब्रिस्तान करकापाल में किया जाएगा। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को करकापाल भेज दिया गया।

इस दौरान उपसरपंच देवधन कश्यप, खीरेंद्र वैष्णव, देवेंद्र कश्यप, तुलसी राम बघेल, कौड़ी राम पटेल, लिंगों राम, कृष्ण भारती, श्यामदास बघेल सहित बजरंग दल के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने कहा कि संगठन सामाजिक समरसता, स्थानीय जनभावनाओं के सम्मान तथा विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत ही कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar