अन्य खबरेंखेल

चलती ट्रेन में खौफनाक वारदात: 8वीं की छात्रा को बॉयफ्रेंड ने दिया धक्का, ट्रैक पर मिली लाश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग छात्रा की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मामले में खुलासा हुआ है कि लड़की को उसके ही बॉयफ्रेंड ने धक्का दिया था।

मृतका देविका वर्मा (14) खैरागढ़ के चिचोला गांव की रहने वाली थी और 8वीं कक्षा में पढ़ती थी। वह अपने मामा की शादी में शामिल होने आई थी। 28 मार्च को वह बिना बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा के साथ घर से निकल गई।

बताया जा रहा है कि देविका और मोहन के साथ दो अन्य युवक भी थे। चारों पहले खैरागढ़ से डोंगरगढ़ पहुंचे और वहां से वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर कोरबा जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में किसी बात को लेकर देविका और मोहन के बीच विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने देविका को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। नीचे गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।

इधर, 28 मार्च की रात से देविका के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 29 मार्च को ठेलकाडीह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह मोहन वर्मा के साथ गई थी।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।

यह घटना मस्तुरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जबकि पूरे मामले की जांच अब खैरागढ़ थाना पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने कहा है कि आज शाम तक पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

(अपडेट जारी…)

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar