
जगदलपुर। आगामी राम नवमी के पावन अवसर को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की नगर बैठक जगदलपुर में सीताराम शिवालय में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत और संचालन नगर मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने विजय महा मंत्र के साथ किया।
बैठक में प्रांत सह मंत्री रवि ब्रह्मचारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह राम काज है और प्रभु राम ने आप सभी को इस कार्य के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राम नवमी को और अधिक भव्य और विशेष बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जाए। संगठन द्वारा तय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी दायित्व समय पर पूरा करने और घर-घर जाकर लोगों को राम जन्मोत्सव में पूरे परिवार सहित शामिल होने का निमंत्रण देने का आह्वान किया।
जिला मंत्री नवीन देवांगन ने बताया कि नगर के प्रत्येक वार्ड में राम जन्मोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही वक्ताओं के माध्यम से संगठन के विचारों को समाज तक पहुंचाया जाएगा और पूरे प्रखंड में ध्वज व निमंत्रण देकर हिंदू समाज की एकता को मजबूत किया जाएगा।
नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु ने कहा कि राम नवमी के अवसर पर पूरे नगर को राममय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान नगर में स्कूटी रैली, चुनरी यात्रा और बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी वार्डों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष जागेश्वर साहू, जिला सह संयोजक योगेश रैली, नगर संयोजक जगदीश ठाकुर, अजय प्रताप सिंह, तमिस राव, शत्रुघ्न कश्यप, रवि नेताम, पवन राजा, अभिषेक साहू, अमन धीवर, सुंदर कश्यप, लखन सेना, अतुल पाठक, गीतेश सिंगाड़े, पारेश्वर राजेंद्र, मुकेश, प्रियांशु, विज्जु, कृष्णा सहित अनेक बजरंग दल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




