आदिवासी युवा छात्र संगठन बस्तर संभाग का प्रथम अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न

,,तीन दिवसीय अधिवेशन में युवाओं ने शिक्षा, नेतृत्व और सामाजिक मुद्दों पर की चर्चा, पौधारोपण व जरूरतमंद बच्चों को अध्ययन सामग्री का वितरण,,
बस्तर। बस्तर संभाग में आयोजित आदिवासी युवा छात्र संगठन का तीन दिवसीय प्रथम संभाग स्तरीय अधिवेशन उत्साह, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं एवं छात्र प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और संगठन की मजबूती तथा समाजहित से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।
पहला दिन – संगठनात्मक मजबूती की दिशा में पहल
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के पंजीयन के साथ हुई। उद्घाटन सत्र में अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया। बस्तर के शहीद क्रांतिकारियों के नाम पर टीमों का गठन किया गया तथा संगठन के नियमों और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही बस्तर क्षेत्र की वर्तमान सामाजिक एवं विकासात्मक समस्याओं से संबंधित शॉर्ट वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिससे युवाओं में जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बल मिला।
दूसरा दिन – अध्ययन, संवाद और नेतृत्व विकास पर जोर
अधिवेशन के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर अध्ययन सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने टीमों के माध्यम से अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की। डिबेट और ग्रुप डिस्कशन के जरिए युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और उनके समाधान पर अपने विचार रखे। साथ ही शिक्षा एवं कैरियर काउंसलिंग, नेतृत्व विकास और कानूनी जानकारी से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए भविष्य की कार्ययोजना से जुड़े कई प्रस्ताव भी पारित किए गए।
तीसरा दिन – सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी
अधिवेशन के अंतिम दिन सामाजिक जिम्मेदारी के तहत क्षेत्र के शासकीय भवनों जैसे स्कूल और आंगनबाड़ी परिसर में पौधारोपण किया गया। साथ ही जरूरतमंद स्कूली बच्चों को कॉपी, पेन और पेंसिल जैसी अध्ययन सामग्री वितरित की गई। डिबेट एवं समूह चर्चा के माध्यम से बस्तर में युवाओं की भूमिका और नेतृत्व को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षा, कानून, समाज सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ अधिवेशन का समापन हुआ। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे युवाओं की एकता, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।
कार्यक्रम में आदिवासी युवा छात्र संगठन के संभागीय अध्यक्ष सह जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बघेल, नंदू सोढ़ी, प्रशांत कश्यप, विनोद कुहाड़मी, सलीम नेताम, हिरदेश भारती, सीताराम मंडावी, लक्ष्मण मंडावी सहित अन्य पदाधिकारी एवं युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




