छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर

छोटे देवड़ा धान संग्रहण केंद्र का कलेक्टर आकाश छिकारा ने किया निरीक्षण

,,भंडारण व्यवस्था का लिया जायजा, धान उठाव व सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश,,

जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को बकावंड विकासखंड अंतर्गत छोटे देवड़ा धान संग्रहण केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र की भंडारण व्यवस्था, धान के स्टेक की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संग्रहण केंद्र की भंडारण क्षमता के अनुरूप मिलर्स के माध्यम से धान का उठाव चरणबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि धान का सुरक्षित भंडारण बना रहे। उन्होंने धान की शॉर्टेज संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि यदि ऐसी स्थिति पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान के स्टेक को निर्धारित स्टेक प्लानिंग के अनुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेक के आसपास समय-समय पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करने और बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए धान को तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखने के लिए भी कहा।

कलेक्टर ने संग्रहण केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, तहसीलदार जागेश्वरी, डीएमओ राजेंद्र ध्रुव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कुल मिलाकर कलेक्टर के इस निरीक्षण से धान संग्रहण केंद्रों की व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित व पारदर्शी बनाने पर प्रशासन का फोकस साफ नजर आया। प्रशासन का कहना है कि किसानों के धान की सुरक्षा और सही प्रबंधन के लिए लगातार निरीक्षण और निगरानी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar