छत्तीसगढ़बस्तर संभाग
पाइपलाइन से पानी खींच रहे थे लोग: कोंडागांव के डीएनके वार्ड में 4 घरों से मोटर पंप जब्त, नगर पालिका की कार्रवाई

कोंडागांव। गर्मी शुरू होते ही शहर में पानी की समस्या बढ़ने लगी है। हालांकि नगर पालिका द्वारा नल-जल योजना के तहत घर-घर पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन कुछ लोग पाइपलाइन में मोटर पंप लगाकर पानी खींच रहे हैं, जिससे अन्य लोगों को परेशानी हो रही है।
इसी को देखते हुए नगर पालिका की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए डीएनके वार्ड में छापेमारी की। जांच के दौरान चार घरों में पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी खींचने के लिए लगाए गए मोटर पंप (टुल्लू पंप) जब्त किए गए।
नगर पालिका के सीएमओ दिनेश डे ने बताया कि गर्मी के मौसम में सभी नागरिकों को समान रूप से पानी मिल सके, इसके लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी घर में पाइपलाइन से मोटर पंप लगाकर पानी चोरी करते हुए पाया गया, तो नगर पालिका उस घर का नल कनेक्शन भी काट देगी।




