छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

होली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा: 40,667 कृषकों के खातों में 205.95 करोड़ ट्रांसफर होंगे

जगदलपुर, 27 फरवरी 2026। होली पर्व से पहले बस्तर जिले के किसानों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत 28 फरवरी को 40,667 किसानों के बैंक खातों में कुल 205.95 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि जारी की जाएगी। यह राशि जगदलपुर स्थित वीर सावरकर भवन में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन के दौरान वितरित की जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता बस्तर सांसद महेश कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार किसानों को मोटा धान पर 731 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे खातों में अंतरित की जा रही है। योजना का सर्वाधिक लाभ बकावंड और बस्तर ब्लॉक के किसानों को मिलेगा, जहां क्रमशः 67.90 करोड़ रुपये और 55.78 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे।

त्योहार से ठीक पहले जारी हो रही इस बड़ी राशि से ग्रामीण अंचलों में बाजारों की रौनक बढ़ने की उम्मीद है। किसान परिवार इस आर्थिक सहयोग के साथ 4 मार्च को मनाई जाने वाली होली का पर्व अधिक उत्साह और उमंग के साथ मना सकेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar