करपावंड स्वामी आत्मानंद स्कूल को 30.52 लाख की अटल टिंकरिंग लैब की सौगात


,,पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में जीव विज्ञान, भौतिकी, रसायन एवं अटल टिंकरिंग लैब का भूमि पूजन जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न,,
बकावंड,करपावंड स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। विद्यालय में 30.52 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली जीव विज्ञान, भौतिकी, रसायन एवं अटल टिंकरिंग लैब का भूमि पूजन समारोह विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बकावंड की जनपद अध्यक्ष बकावंड,श्रीमती सोनबारी भद्रे, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य दसमत कश्यप ने संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2021 में विकासखंड का पहला स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। तत्पश्चात वर्ष 2024 में यह विद्यालय विकासखंड का एकमात्र पीएम श्री स्कूल बना तथा पहली बार हायर सेकेंडरी स्तर पर उन्नत किया गया।
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय का अंग्रेजी माध्यम का परीक्षा परिणाम विगत चार वर्षों से 100 प्रतिशत रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण अन्य निजी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के विद्यार्थी भी यहां अध्ययन हेतु आ रहे हैं। वर्तमान में विद्यालय की दर्ज संख्या 1000 से अधिक है।
पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत विद्यालय को राज्य एवं केंद्र सरकार दोनों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। विद्यालय में शिक्षकों की कोई कमी नहीं है तथा सभी विषयों के लिए विशेषज्ञ शिक्षक पदस्थ हैं। हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों में सभी पद पूर्ण हैं।
विद्यालय के लिए नया भवन भी स्वीकृत होकर निर्माणाधीन है। भवन पूर्ण होने के पश्चात हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम एक साथ संचालित होंगे, जिसके लिए आवश्यक 26 अध्यापन कक्ष उपलब्ध हो जाएंगे। इससे भवन की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
प्राचार्य श्री कश्यप ने बताया कि पूर्व में जहां प्रायोगिक कक्षों की कमी थी, अब प्रयोगशालाओं के लिए आधुनिक भवन एवं सामग्री उपलब्ध हो रही है। उन्होंने विद्यालय के लिए मध्यान्ह भोजन कक्ष एवं जर्जर बाउंड्रीवाल के पुनर्निर्माण की आवश्यकता से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। इस संबंध में माननीय सांसद के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव को पत्र भी प्रेषित किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे ने छात्रों से अध्ययन पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि विद्यालय में संसाधनों और शिक्षकों की कोई कमी नहीं है, अतः विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आकर मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए।
मुख्य अतिथि श्रीमती सोनबारी भद्रे ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर अच्छे नागरिक बनें। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से न्यायाधीश जैसे पदों तक लोग पहुंचे हैं, अतः छात्रों को भी कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य नवल भारती, बकावंड मंडल अध्यक्ष पीतांबर कश्यप, सरपंच लखमुराम नेताम,ओमप्रकाश गुप्ता, जिला महामंत्री, सहित मंडल अध्यक्ष,सदस्य,ग्राम पंचायत के पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अटल टिंकरिंग लैब एवं आधुनिक प्रयोगशालाओं की स्थापना से पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल करपावंड में विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने का सशक्त अवसर मिलेगा, जिससे क्षेत्र की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा प्राप्त होगी।




