छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

गुजरात दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय — गांधीनगर में निवेश नीति व स्किल मॉडल का करेंगे अध्ययन, भारत पर्व और इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर, 10 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सोमवार, 10 नवम्बर को दो दिवसीय गुजरात प्रवास पर रवाना होंगे। यह दौरा राज्य में निवेश, स्किल डेवलपमेंट और सुशासन के आधुनिक मॉडल को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री सुबह 8 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से विशेष विमान द्वारा अहमदाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। वे सुबह 10 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अहमदाबाद पहुंचेंगे।

गुजरात के मुख्यमंत्री से मुलाकात, ई-गवर्नेंस व निवेश नीतियों पर चर्चा
गांधीनगर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गुजरात के मुख्यमंत्री से भेंट करेंगे। इस दौरान सीएम डैशबोर्ड, जनशिकायत प्रणाली और इन्वेस्ट गुजरात की निवेश नीतियों पर प्रस्तुतिकरण होगा।

NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज और साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा
मुख्यमंत्री गांधीनगर स्थित NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज का भ्रमण करेंगे, जहां वे अत्याधुनिक कौशल विकास प्रशिक्षण मॉडल का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा करेंगे और वहीं लंच करेंगे।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में भारत पर्व और एकता प्रकाश पर्व में शामिल होंगे
अहमदाबाद से हेलिकॉप्टर द्वारा केवड़िया पहुंचकर मुख्यमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण करेंगे और भारत पर्व 2025 तथा एकता प्रकाश पर्व में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम केवड़िया सर्किट हाउस में निर्धारित है।

11 नवम्बर को अहमदाबाद में “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम
दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ बैठक होगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना और नए निवेश अवसरों की दिशा में ठोस पहल करना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 नवम्बर की रात विशेष विमान से रायपुर लौटेंगे।


Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar