छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

फरसा गुड़ा में पोषण माह पर जागरूकता कार्यक्रम: प्रतियोगिताओं, स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बढ़ा उत्साह

जगदलपुर, 11 अक्टूबर 2025/ बस्तर जिले के फरसा गुड़ा ग्राम में आज केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा पोषण माह के अवसर पर विशेष लोकसंपर्क और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व बस्तर सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, ग्राम सरपंच गणेश कश्यप और महिला एवं बाल विकास विभाग, बस्तर की परियोजना अधिकारी सावित्री बघेल की उपस्थिति में किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं के लिए दो वर्गों में कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे ग्रामीण महिलाओं में उत्साह का माहौल बना। पोषण आहार पर प्रश्न मंच का आयोजन भी किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गर्भवती माताओं की गोद भराई रस्म ने कार्यक्रम को पारिवारिक और प्रेरणादायक स्वरूप दिया।

स्वास्थ्य विभाग, फरसा गुड़ा द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 100 ग्रामीणों का हीमोग्लोबिन (HB) टेस्ट और अन्य चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। साथ ही पोषण जागरूकता स्टॉल पर ग्रामीणों को संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया।

पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप और ग्राम सरपंच गणेश कश्यप ने संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से चर्चा की और सही पोषण को व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा समाज की समग्र प्रगति के लिए आवश्यक बताया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में जनभागीदारी को और प्रभावशाली बनाया गया। बस्तर लोक कला समिति, नानगुर के कलाकार धीरनाथ बघेल ने लोकगीत प्रस्तुत किए, जबकि सुपरवाइजर सुनीता रामटेक ने पोषण आहार पर जागरूकता गीत प्रस्तुत किया। सुपरवाइजर सुधा श्रीवास्तव ने पोषण माह की अवधारणा और उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, और संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के शशांक शेण्डे ने किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar