नई दिल्ली

Shilpa Shetty questioned for 5 hours by Mumbai EOW in ₹60 crore fraud case : शिल्पा शेट्टी से 60 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में EOW की 5 घंटे तक पूछताछ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी से मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोमवार को करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ एक कारोबारी से 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में की गई।

जानकारी के मुताबिक, शिल्पा से पूछताछ लगभग पांच घंटे चली। फिलहाल उनके या उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ प्रत्यक्ष रूप से कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। बता दें कि इस मामले में अब तक राज कुंद्रा समेत पांच लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।

“EOW ने जारी किया था लुकआउट नोटिस”

इससे पहले सितंबर 2025 में EOW ने धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। वहीं, अगस्त में दोनों के खिलाफ एक व्यवसायी से 60 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था।

“क्या है पूरा मामला?”

लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक और व्यवसायी दीपक कोठारी ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में कोठारी ने दावा किया कि धोखाधड़ी की घटनाएं 2015 से 2023 के बीच हुईं।

कोठारी का आरोप है कि दंपती ने अपने व्यवसाय के विस्तार के बहाने उनसे 75 करोड़ रुपये के ऋण की मांग की थी। बाद में उन्होंने इसे निवेश के रूप में धन देने का अनुरोध किया और मासिक रिटर्न तथा मूलधन वापस करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि अप्रैल 2015 में 31.95 करोड़ रुपये और सितंबर 2015 में 28.53 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए, लेकिन कई बार मांगने के बावजूद पैसा वापस नहीं मिला।

“शिल्पा ने आरोपों को बताया बेबुनियाद”

इस पूरे मामले में शिल्पा शेट्टी और उनके वकील प्रशांत पाटिल ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि वे जांच एजेंसियों के सामने अपना पक्ष साफ तौर पर रखेंगे और सच्चाई जल्द सामने आएगी।

(इनपुट: एएनआई)

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar