साइबर ठगों ने कारोबारी सुबोध सिंघानिया का बैंक खाता बनाया निशाना, 8 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर कर ठगी

रायपुर, 22 सितंबर 2025 रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने बैंक की असिस्टेंट मैनेजर को गुमराह कर हर्षित अर्बन सिटी बिल्डकॉन के डायरेक्टर सुबोध सिंघानिया के खाते से 8 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। घटना की शिकायत असिस्टेंट मैनेजर ने पुलिस में दर्ज कराई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को बैंक के मुख्य प्रबंधक मुकेश कुमार चेन्नई में ट्रेनिंग के लिए गए थे। इस दौरान कॉल करने वाले ने खुद को सुबोध सिंघानिया बताया और 2 करोड़ रुपए फिक्सड डिपॉजिट करने का झांसा देकर असिस्टेंट मैनेजर को गुमराह किया। ठगों ने वॉट्सऐप पर फर्जी लेटर हेड भेजकर बैंक को निर्देश दिया कि राशि अवतार सिंह के खाते में ट्रांसफर की जाए।
असिस्टेंट मैनेजर ने आरटीजीएस के माध्यम से 8 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में संदेह होने पर उन्होंने तुरंत शाखा को ई-मेल कर राशि रोकने का अनुरोध किया, लेकिन तब तक पैसा कोलकाता स्थित महिंद्रा बैंक में ट्रांसफर हो चुका था।
एएसपी दौलत राम पोर्ते ने मामले की पुष्टि की है और बताया कि असिस्टेंट बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह मामला एक बार फिर साइबर ठगी और बैंकिंग सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है और लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी देता है।




