Kashyap’s Big Attack on Congress: विधायकों की चोरी करने वाले अब वोट चोरी का रोना रो रहे, राहुल गांधी लगातार झूठ बोल रहे – केदार कश्यप

रायपुर, 18 सितंबर 2025
प्रदेश के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कश्यप ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी अब भ्रामक प्रचार की एजेंसी बन चुकी है। वे लगातार झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी के हालिया दावों को भारत निर्वाचन आयोग ने पूरी तरह खारिज कर दिया, जिससे एक बार फिर उनके सभी झूठ बेनकाब हो गए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सलाहकार भी उन्हें सही सलाह नहीं देते, जिसके चलते वे हमेशा बेतुकी बातें करते हैं।
कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट पर निशाना साधते हुए कश्यप ने कहा – “वे ऐसे पायलट हैं जो कांग्रेस के विमान को सही तरीके से उड़ा ही नहीं पा रहे। पार्टी के भीतर सिर्फ चमचा बनाओ स्पर्धा चल रही है।”
कश्यप ने कहा कि वोट चोरी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस खुद विधायकों की चोरी कर सरकार गिराने और बनाने का आरोप झेल चुकी है। जनता भली-भांति जानती है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधायकों की खरीद-फरोख्त किसने की थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैलियों में धनबल का इस्तेमाल कर भीड़ जुटाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन आंतरिक गुटबाजी और संवादहीनता के कारण कांग्रेस के कार्यकर्ता ही भ्रमित हैं।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नंदन जैन और आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम भी मौजूद रहे।




