3200 करोड़ के कथित शराब घोटाले का आरोपी सुब्बू दुबई में गिरफ्तार, अब एक सप्ताह के भीतर रायपुर लाने की तैयारी तेज

रायपुर,25 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई से भारत लाने की तैयारी तेज हो गई है। 13 नवंबर को दुबई में गिरफ्तार किए गए सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार द्वारा भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, उसे अगले एक सप्ताह के भीतर रायपुर लाया जा सकता है।
आरोपी को भारत लाने के लिए ACB-EOW की विशेष टीम जल्द ही UAE रवाना होगी। बताया जा रहा है कि इस टीम में जांच एजेंसी के प्रमुख सहित डीएसपी स्तर के तीन अधिकारी शामिल होंगे। इसके लिए विदेश यात्रा और डिपोर्टेशन से जुड़े जरूरी कानूनी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।
छोटे ठेकेदार से 1200 करोड़ के सिंडिकेट का मैनेजर बना सुब्बू
जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल ने एक छोटे ठेकेदार से कथित शराब सिंडिकेट के अहम मैनेजर तक का सफर तय किया। वर्ष 2014-15 में वह नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेके लिया करता था। बाद में होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और वह कथित तौर पर करीब 1,200 करोड़ रुपये के सिंडिकेट का अहम हिस्सा बन गया।
आरोप है कि डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंस धारकों से कमीशन वसूली के साथ शराब कारोबार के पार्ट A, B और C से होने वाली कथित अवैध कमाई का पूरा हिसाब सुब्बू रखता था। उसकी पहुंच तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बंगले तक भी बताई गई है।
बोरियों और कार्टून में रखी जाती थी वसूली की रकम
जांच एजेंसियों के अनुसार, कथित शराब सिंडिकेट से वसूली गई रकम को बोरियों और कार्टून में भरकर रखा जाता था। नकदी छिपाने के लिए रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट खरीदे जाने का भी आरोप है।
तीन मई को बिलासपुर में उसके भाई कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर तलाशी के दौरान ED को बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी मिली थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि विकास अग्रवाल ने कथित वसूली की रकम में से करीब 1,200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई पहुंचाए थे।
2022 में परिवार के साथ विदेश भागा था आरोपी
जांच के मुताबिक, विकास अग्रवाल जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश फरार हो गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी UAE बुला लिया था। लंबे समय से जांच एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। अब दुबई में गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई अहम राज
ACB-EOW को उम्मीद है कि सुब्बू को रायपुर लाकर पूछताछ करने से कथित शराब घोटाले में अवैध पैसों के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और अंतिम लाभार्थियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि शराब घोटाला मामले में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल सहित कई लोगों के नाम सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, केके श्रीवास्तव को छोड़कर अन्य प्रमुख आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।




