12 नवंबर से शुरू हुआ देशव्यापी स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन, बस्तर में ड्राइवरों ने भरी हुंकार, मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन

जगदलपुर,12 नवम्बर 2026
बस्तरिया वाहन चालक कल्याण संघ के आह्वान पर 12 नवंबर से देशभर में अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन शुरू हो गया है। बस्तर में भी वाहन चालकों ने बैनर लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान चालकों ने भारत माता की जय के नारे लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
आंदोलन कर रहे वाहन चालकों की प्रमुख मांगों में प्रत्येक राज्य में ड्राइवर आयोग का गठन, ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड की स्थापना और सुरक्षा कानून लागू करना शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर चालकों के लिए सुलभ शौचालय और रेस्ट रूम की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई गई है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि देश के करीब 24 करोड़ ड्राइवर अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित मान-सम्मान और सुरक्षा नहीं मिलती। वाहन चालकों को रास्ते में मारपीट, शोषण और अपमान जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
चालकों ने हिट एंड रन कानून का विरोध करते हुए कहा कि इसमें 10 लाख रुपये तक जुर्माने और 7 साल तक की सजा का प्रावधान उनके साथ अन्याय है। उनका आरोप है कि सरकार ने उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से ध्यान देने के बजाय उन पर कठोर प्रावधान लागू कर दिए हैं।
वाहन चालकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा। बस्तर में शुरू हुए इस आंदोलन के जरिए चालकों ने सरकार से अपनी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।




